Jharkhand Vidhansabha: साहिबगंज के विकास को लेकर विधायक एमटी राजा की बड़ी मांगें, सदन में गूंजे स्थानीय मुद्दे

साहिबगंज: विधानसभा सत्र के दौरान राजमहल विधायक एमटी राजा ने साहिबगंज जिले के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जल निकासी, खेल, छात्रावास और शिक्षा जैसी स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार से ठोस पहल की मांग की।
उधवा चौक पर जलजमाव से निजात की मांग
विधायक ने सबसे पहले उधवा चौक से उधवा नाला तक बन रही फोरलेन सड़क के दोनों तरफ समुचित जल निकासी व्यवस्था यानी ड्रेनेज सिस्टम बनाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि नाला नहीं होने के कारण बारिश में सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी होती है।
साहिबगंज में रेसलिंग डेवलपमेंट सेंटर बनाने की मांग
शून्यकाल के दौरान विधायक ने जिले में युवाओं के कुश्ती के प्रति बढ़ते रुझान का हवाला देते हुए रेसलिंग डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना की मांग की। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में प्रतिभावान खिलाड़ियों को सही मंच नहीं मिल पा रहा है। विधायक ने प्रशिक्षित कोच और खेल सामग्री उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। इस पर सदन की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिला।
उधवा के जर्जर आदिवासी छात्रावास का मुद्दा उठा
विधायक ने उधवा प्रखंड स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में स्थित जर्जर आदिवासी छात्रावास की दयनीय स्थिति का मामला भी उठाया। उन्होंने बताया कि छात्रावास में क्षमता से अधिक छात्र रह रहे हैं, जिससे भोजन, आवास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने छात्रावास का निरीक्षण कराने, नए भवन के निर्माण और पुराने भवन के जीर्णोद्धार की मांग की। विभाग ने आश्वस्त किया कि छात्रावासों की मरम्मत की प्रक्रिया जारी है और इस पर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
साहिबगंज में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की मांग
अंत में विधायक ने तारांकित प्रश्न के माध्यम से साहिबगंज में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि साहिबगंज देश के अति पिछड़े जिलों में शामिल है, इसीलिए यहां आधुनिक सुविधाओं वाले उत्कृष्ट विद्यालय की सख्त जरूरत है। इस पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने जवाब दिया कि जिले में अभी 4 मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय संचालित हैं। अन्य विद्यालयों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही राजमहल के प्लस टू जेके उच्च विद्यालय को सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्वीकृति के लिए मंत्रिपरिषद के पास भेजा गया है। विधायक एमटी राजा ने कहा कि साहिबगंज के समग्र विकास के लिए शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सदन में उठाए गए इन मुद्दों पर सरकार जल्द कार्रवाई करेगी।


