कोडरमा के युवक की गुजरात में संदिग्ध मौत: पोपलेन ऑपरेटर अफरोज का शव पहुंचते ही पैतृक गांव में मचा कोहराम

कोडरमा: चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत गजरे निवासी अफरोज आलम (22) की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक अफरोज आलम, नेजाम अंसारी के पुत्र थे और गुजरात के भरूच जिला स्थित नोबीपुर थाना क्षेत्र में पोपलेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार 17 मई को अफरोज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक के पिता नेजाम अंसारी का आरोप है कि अफरोज जिस पोपलेन मशीन पर कार्य करते थे, उसी मशीन के बकेट से गर्दन दबाकर उनकी हत्या की गई है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय गुजरात पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

सूचना मिलने के बाद मृतक के चचेरे भाई समेत अन्य परिजन भी गुजरात पहुंचे। वहीं, गुजरात में ही अफरोज के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एंबुलेंस के माध्यम से शव को उनके पैतृक गांव गजरे लाया गया।
बुधवार सुबह जैसे ही शव उनके आवास पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। बाद में गजरे स्थित कब्रिस्तान खांड़ी में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
परिजनों ने झारखंड सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा न्याय दिलाने की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।


