प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या

प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई।

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है। मंगलवार सुबह घर के बाहर तीन शव रक्तरंजित अवस्था में मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान श्याम लाल गुप्ता (60), अमरावती देवी (40) और इंद्रावती देवी (42) के रूप में हुई है। तीनों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी वस्तु से हमला कर उनकी हत्या की गई।

स्थानीय लोगों ने मंगलवार सुबह घर के बाहर शव पड़े देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि परिवार के अधिकांश सदस्य रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मेजा पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।

डीसीपी ने बताया कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। मामले में जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More