साहिबगंज में भाई ही निकला भाई का कातिल, 24 घंटे में खुला मोहनपुर हत्याकांड का राज

साहिबगंज के मोहनपुर हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई और आरोपी की गिरफ्तारी
साहिबगंज में हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर चौक के पास एनएच-33 पर हुई सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया है। मोहनपुर हत्याकांड में कोई और नहीं बल्कि मृतक का सगा चचेरा भाई ही हत्यारा निकला। मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी गौरचन्द्र बागती के रूप में हुई थी, जिसकी रविवार अहले सुबह गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही आरक्षी अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया था।

आपसी रंजिश बनी हत्या की वजह

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई बहादुर बागती, पिता स्व. सुफल बागती, साकिन मोहनपुर को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछ-ताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से आपसी रंजिश चल रही थी, उसी के प्रतिशोध में उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

घटनास्थल से हथियार बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त एक खून से सना चाकू और चप्पल भी बरामद किया है। इस संबंध में राधानगर थाना में कांड संख्या 353/26 दिनांक 04.10.26 धारा 103(1), भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

छापेमारी में ये रहे शामिल

छापेमारी दल में राजमहल सर्किल इंस्पेक्टर राजीव रंजन, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, गंगा नदी थाना प्रभारी अरुण सिंह, राधानगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संग्राम सोय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More