गिरिडीह: धनवार के डिस्कवरी होटल में पुलिस छापा, 2 युवक-2 युवतियां हिरासत में

गिरिडीह: गिरीडीह जिला के धनवार थाना क्षेत्र में पुलिस ने डिस्कवरी होटल में चल रही अवैध गतिविधियों का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने होटल से दो युवक और दो युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान होटल संचालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
सूत्रों के अनुसार,पुलिस को होटल में हो रहे काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। उक्त सूचना के आधार पर धनवार पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से होटल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान होटल के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली गई, जहां से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना लाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों युवकों और दोनों युवतियों से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित देह व्यापार का संचालन कब से किया जा रहा था, इसमें होटल प्रबंधन की क्या भूमिका थी तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता पर गहन जांच पड़ताल जारी है।


