Koderma News: श्रम प्रवर्तन टीम और पुलिस की संयुक्त गुप्त सूचना आधारित बड़ी कार्रवाई

सतगावां: बाल श्रम उन्मूलन को लेकर प्रशासन ने शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। सतगावां थाना क्षेत्र के बासोडीह स्थित सलोनी स्वीट्स होटल में श्रम प्रवर्तन टीम और स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से छापेमारी की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सलोनी स्वीट्स होटल में नियमों को ताक पर रखकर नाबालिग बच्चों से होटल का काम कराया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 15 वर्षीय बाल श्रमिक सोनू कुमार को मुक्त कराया। मुक्त कराए गए बालक को आगे की आवश्यक प्रक्रिया और पुनर्वास के लिए जिला कल्याण बाल संरक्षण पदाधिकारी को सौंप दिया गया है। बाल श्रम के खिलाफ चलाए गए इस औचक छापेमारी अभियान में प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे।
जिसमें जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी नरेंद्र कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सतगावां संतोष कुमार चौधरी, स्थानीय पुलिस पदाधिकारी मोहम्मद इसराफिल के साथ पुलिस बल के जवान इसके अलावा टीम जिला से विकास कुमार, आरिफ और पप्पू कुमार भी शामिल रहे।
वहीं प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के होटल और दुकान संचालकों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि बाल श्रम कानूनन अपराध है और बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इस तरह का अभियान जारी रहेगा। आये दिन बिहार से ईंट लदे ट्रैक्टर पर भी बाल मजदूरी धड़ल्ले से चल रहे हैं, और कई बार ट्रैक्टर दुर्घटना में बच्चों के घायल होने के मामले सामने आ चुके हैं।


