Giridih News: सरिया इंस्पेक्टर को हटाने की मांग तेज, DSP के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

सरिया थाना में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रेम कुमार मंडल की गिरफ्तारी और कथित पुलिस मारपीट के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने थाना का घेराव करते हुए सरिया इंस्पेक्टर को हटाने और प्रेम कुमार मंडल की रिहाई की मांग की।

गिरिडीह: शनिवार सुबह सरिया थाना परिसर में उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए थाने का घेराव कर दिया। कार्यकर्ता पोखरियाडीह निवासी प्रेम कुमार मंडल की गिरफ्तारी और उनके साथ थाने में हुई कथित मारपीट का विरोध कर रहे थे।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता बबलू कुमार मंडल ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार की रात दूरभाष (फोन) पर पोखरियाडीह निवासी प्रेम कुमार मंडल को थाने बुलाया गया था। आरोप है कि थाने पहुंचने के बाद पुलिस द्वारा उनके साथ बेहद बेरहमी से मारपीट की गई, जो पूरी तरह अमानवीय और गैरकानूनी है।

प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि सरिया इंस्पेक्टर को अविलंब पद से हटाया जाए और गिरफ्तार किए गए प्रेम कुमार मंडल को ससम्मान तुरंत रिहा किया जाए। आंदोलनकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी थी कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे थाने के मुख्य गेट पर धरने पर डटे रहेंगे।

इस घेराव और प्रदर्शन में मुख्य रूप से मनीष मंडल (सरिया मंडल अध्यक्ष, भाजपा), नरेश रजक (भाजपा नेता) और बबलू कुमार मंडल सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

थाने के घेराव और बढ़ते आक्रोश की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम तुरंत धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभालने के लिए आंदोलनकारी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ वार्ता शुरू की।

डीएसपी धनंजय राम द्वारा मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने अपना आक्रोश शांत किया और धरना समाप्त करने की घोषणा की। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More