Giridih News: जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने शिक्षा सचिव से की मुलाकात, स्कूलों के कायाकल्प की मांग

गिरिडीह: जमुआ विधानसभा क्षेत्र की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार और सरकारी स्कूलों के कायाकल्प को लेकर जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव से मुलाकात की और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।
इस मुलाकात के दौरान विधायक ने जमुआ क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए कई बुनियादी मांगों को प्रमुखता से सचिव के समक्ष रखा। मुलाकात के मुख्य बिंदु और मांगें: इस दौरान क्षेत्र के कई मध्य विद्यालयों को उच्च विद्यालयों में उत्क्रमित करने की मांग की गई, ताकि बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर न जाना पड़े।
शिक्षकों की कमी दूर करना: स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी को जल्द से जल्द दूर करने का आग्रह किया गया, ताकि पठन-पाठन का कार्य प्रभावित न हो। बुनियादी ढांचे का विकास: विद्यालयों में आवश्यक आधारभूत संरचना जैसे नए स्कूल भवन, अतिरिक्त कक्षाएं, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के त्वरित विकास की मांग की गई।
जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि जमुआ के प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, बेहतर संसाधन और उज्ज्वल भविष्य मिले, यही हमारी प्राथमिकता है। क्षेत्र के शैक्षणिक विकास के लिए हमारे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे और जनहित से जुड़े हर मुद्दे को मैं सरकार के समक्ष मजबूती से उठाती रहूँगी।


