Giridih News : कड़ाके की ठंड में स्कूलों के समय में बदलाव की मांग, भाजपा नेता सुरेश साव ने प्रशासन से की बात

गिरिडीह : गिरिडीह जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने रविवार को उप विकास आयुक्त से वार्ता की। उपायुक्त के जिले से बाहर रहने के कारण उनसे फोन पर बातचीत हुई, जिस पर उन्होंने गिरिडीह लौटने के बाद इस विषय पर विचार करने की बात कही।सुरेश साव ने बताया कि गिरिडीह पिछले दो दिनों से घने कोहरे की चपेट में है और धूप नहीं निकल रही है। ऐसे में सुबह के समय बच्चों का स्कूल जाना कठिन हो गया है।
सरकारी विद्यालय जहां सुबह 9 बजे से संचालित हो रहे हैं, वहीं कुछ निजी विद्यालय 8:30 बजे ही शुरू हो जाते हैं। सुबह के समय शीतलहर और ठंडी हवाओं के कारण बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अत्यधिक ठंड के कारण खासकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। ऐसे में कुछ दिनों के लिए विद्यालय बंद करने या स्कूलों की समयावधि में अस्थायी परिवर्तन करने पर प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए।


