Deoghar News: JPSC-JSSC भर्ती विवाद पर भाजयुमो का समाहरणालय घेराव, निष्पक्ष जांच की मांग

देवघर: झारखंड में विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को देवघर समाहरणालय के समक्ष जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष आशीष दुबे ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रियाओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन के उपरांत राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC), झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) सीजीएल तथा उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा में कथित धांधली और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
सभा को संबोधित करते हुए भाजयुमो जिला अध्यक्ष आशीष दुबे ने कहा कि झारखंड का युवा अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए संघर्ष करने को विवश है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं को लेकर उठ रहे सवालों पर राज्य सरकार गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी परीक्षा में अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कठोर दंड मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष पंकज सिंह भदौरिया, जिला मंत्री मनोज मिश्रा एवं संतोष मुर्मू के अलावा रमेश गुड्डू, संजय गुप्ता, अमरजीत दुबे, तूफान महाथा, सौरभ पाठक, अमृत मिश्रा, राहुल पाठक, प्रमोद कुमार, महेंद्र मौर्य, दिगंबर पांडेय, सुनील कुमार यादव, हरिओम शरण, मनोहर चौधरी, जय प्रकाश, दशरथ दास, त्रिभुवन, पप्पू यादव, रमेश चौधरी, रमेश कुमार गुप्ता, सुनील गुप्ता, विक्रम पंडित, योगेश यादव, लखन मंडल, अमरनाथ गुप्ता, गुमान मंडल, भास्कर कुमार, सुबोध लाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


