Chatra News: कुंदा में स्तरोन्नत उच्च विद्यालय के पुस्तकालय का हुआ विधिवत उद्घाटन
-1024x614.jpeg)
चतरा: प्रखंड क्षेत्र स्थित स्तरोन्नत +2 उच्च विद्यालय परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन कर विद्यालय पुस्तकालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित पठन-पाठन और अध्ययन के क्षेत्र में पुस्तकालय की महत्ता से विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में बैगा जनजाति के कलाकारों ने अपनी जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लोक परंपराओं के प्रदर्शन से उपस्थित लोगों को अपनी समृद्ध विरासत से मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस दौरान बैगा समुदाय के विशेषज्ञों द्वारा जंगलों में पाई जाने वाली दुर्लभ जड़ी-बूटियों से पारंपरिक औषधियां तैयार करने की कला और ज्ञान साझा किया गया। समुदाय के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रकृति और वन संपदा के संरक्षण के साथ-साथ पारंपरिक उपचार का यह अनमोल ज्ञान उन्हें पीढ़ी-दर-पीढ़ी विरासत में मिला है।
समारोह में मुख्य रूप से कुंदा के प्रखंड विकास पदाधिकारी साकेत कुमार सिन्हा, कुंदा पंचायत के मुखिया मनोज कुमार साहू, पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि अमित भारती व पप्पू कुमार, गांधी फेलो सम्राट कुमार सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव रंजन सहित सभी शिक्षकगण एवं बैगा जनजाति के नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आधुनिक शिक्षा, स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान के संवर्धन व संरक्षण पर बल दिया गया।


