रांची के अखबारों की सुर्खियां : कोरोना से जंग के लिए लाॅक डाउन, गरीबों को मिलेगा अग्रिम राशन, अन्य खबरें

रांची : रांची से छपने वाले अखबारों में कोरोना और उससे शुरू हुई जंग ही बड़ी खबर है.
प्रभात खबर ने आज कवर पेज कोरोना पर ही बनाया है. अखबार ने पूरे पेज पर शीर्षक दिया है – कोरोना से जंग शुरू, झारखंड में लाॅकडाउन. अखबार ने लिखा है कि 22 तारीख को रात 12 बजे से लाॅक डाउन का समय शुरू हुआ. अखबार ने लिखा है कि सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे, लेकिन मुख्यालय में कर्मचारी व अधिकारी रहेंगे. सरकार ने पांच या उससे अधिक व्यक्ति के जमावड़े पर रोक लगा दी.
अखबार ने अपने कवर पेज – 2 पर खबर दी है : संक्रमित राज्यों से घिरा झारखंड, लाॅकडाउन से कोरोना को हरायेंगे हम. अखबार ने लिखा है कि झारखंड के सीमावर्ती राज्यों में कोरोना के मरीज मिले हैं, वहीं इस सूबे में एक भी मरीज नहीं मिला है. अखबार ने लिखा है कि देश के 17 राज्यों में संक्रमण फैला है और 365 मामले मिले हैं. अखबार ने एक खबर दी मारुति, महिंद्रा एवं होंडा के कारखानों में कामकाज रोक दिया गया है. अखबार ने जतना करफ्यू की अभूतपूर्व सफलता की खबर दी भी है. अखबार ने खबर दी है कि रिम्स व सदर अस्पताल में आज सभी इमरजेंसी बंद रहेगी, सिर्फ आपात सेवा चालू रहेगी. वहीं, गो एयरवेज के विमानों का परिचालन आज बंद रहेगा.
हिंदुस्तान ने भी लाॅक डाउन की खबर को लीड बनाया है और इसका शीर्षक दिया है : झारखंड-बिहार में 31 तक लाॅकडाउन. बिहार में कोरोना से पहली मौत की खबर भी अखबार में है. अखबार ने रांची से खबर दी है कि सूबे में कोरोना के चार और संदिग्ध मरीज मिले हैं. रेल सेवा के 31 मार्च तक पूरी तरह बंद किए जाने की खबर भी है. अखबार ने खबर दी है कि गरीबों को तीन महीने का अग्रिम राशन मिलेगा. वहीं, छत्तीसगढ के सुकमा में नक्सली हमले में 17 जवान के शहीद होने की खबर भी है. सूबे के वकील आज से कोर्ट नहीं जाएंगे और शिक्षक घर से ही काम करेंगे और उनका एटेंडेंस बनेगा.
दैनिक जागरण ने जनता Curfew एवं लाॅक डाउन की पैकेजिंग की है. शीर्षक है अद्भुत-अभूतपूर्व. अखबार ने लिखा है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक जनता Curfew का असर दिखा और 31 मार्च तक झारखंड में लाॅकडाउन कर दिया गया है. अखबार ने लिखा है कि सभी आकस्मिक सेवाएं लाॅकडाउन से मुक्त रहेंगीं.
अखबार ने विशेष टिप्पणी लिखी है: एक राष्ट्र, एक लय, एक ताल – जनता जिंदबाद. अखबार ने लिखा है कि हम भारतीयों ने वह कर दिखाया जो किसी भी व्यक्ति, समूह या देश को अमरत्व की ओर ले जाता है. यह टिप्पणी कल के बंद और फिर कोरोना के योद्धाओं के प्रति थाली, ढोल बजाकर आभार जताने को लेकर लिखा गया है.




