बापू वाटिका में राज्यपाल संतोष गंगवार और सीएम हेमंत सोरेन ने गांधी जी को दी श्रद्धांजलि

रांची। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांची के मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज का यह शुभ अवसर भारत के इतिहास का ऐसा दिन है, जिसे जब तक यह देश रहेगा, तब तक कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि आज देश की दो महान विभूतियों का जयंती दिवस है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी लोग यहां एकत्रित होकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का दुनिया में एक अलग इतिहास रहा है, जहां ऐसी महान विभूतियों ने जन्म लेकर देश का मार्गदर्शन किया। आज उनके आदर्शों को कंधे पर लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। हमें गर्व है कि ऐसी महान विभूतियां हमारे बीच रहीं और हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बापू के विचार और उनका जीवन दर्शन युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करता रहेगा। राज्य सरकार बापू के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के कल्याण और सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ संकल्पित है।

इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित अन्य गणमान्य अतिथियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया। संपूर्ण परिसर बापू के प्रिय भजनों और देशभक्ति के गीतों से गुंजायमान रहा।




