मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, मोहनपुर चौक पर मिला रक्तरंजित शव

साहिबगंज के राधानगर में बुजुर्ग की हत्या
मोहनपुर चौक पर मिला बुजुर्ग का शव

साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के मोहनपुर में रविवार सुबह दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मोहनपुर निवासी गौर चंद्र बागती की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। सुबह मुख्य सड़क पर खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

गौर चंद्र बागती रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान मोहनपुर चौक के समीप सुनसान जगह पर घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर उन्हें मौत के घाट उतारा और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मोहनपुर चौक पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय लोगों ने तुरंत राधानगर थाना पुलिस को सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी और पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन खुद दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार, अभी तक हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश, पुरानी दुश्मनी सहित सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है।

रोजाना मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले शांत स्वभाव के व्यक्ति की इस तरह हत्या से मोहनपुर के लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More