लापरवाही का आरोप
रांची: राजधानी के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद एक कैदी गगन मुंडा की बुधवार को मौत हो जाने के बाद उसके परिजनों ने जमकर हंगामा किया और आरोप लगाया है कि जेल प्रबंधन की लापरवाही के कारण ही ऐसा हुआ है। जानकारी के अनुसार कैदी की अचानक जेल में तबीयत खराब हो गई और आखिरकार उसे रिम्स में एक अक्टूबर को भर्ती करा दिया गया। इलाज के क्रम में ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद जेल प्रशासन ने उसके परिजनों को सूचना दी, कि वे रिम्स से उसके शव को लेकर अंतिम संस्कार करें। मृतक कैदी रांची चुटिया के भट्टी टोली का रहनेवाला था। जेल प्रशासन ने कहा कि यदि परिजन शव नही लेते हैं, तो जेल प्रबंधन सरकारी स्तर पर संस्कार कराएगी। चुटिया पुलिस की मानें तो गगन को लूटपाट के एक मामले में बीते जुलाई माह में जेल भेजा गया था। कोर्ट से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था, लेकिन गगन के परिजनों में काफी गुस्सा है। वे मौत के लिए जेल व पुलिस प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं।
परिजनों द्वारा उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाये जाने के क्रम में हंगामा किया गया। मृतक के शरीर पर कई जगहों पर चोट के गहरे निशान दिख रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि उसके साथ जमकर मारपीट की गई है। मृतक की पत्नी शोभा देवी ने कहा कि उसके बेल को लेकर सभी कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई थी और दो दिन बाद उसे जमानत मिलने वाला था। उसने कहा कि कुछ दिन पहले ही वह उनसे मिली थी, तो बातचीत में सब ठीक था। उसने जेल प्रबंधन से सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर यह बताने को कहा है कि आखिर उसकी पिटाई कैसे हुई ? यदि जवाब नही दिया तो बच्चों के साथ जेल के बाहर धरना दूंगी।