पत्रकार अभिषेक भारती को हिरासत में यातना देने का आरोप, बाबूलाल मरांडी ने हाईकोर्ट और NHRC से की जांच की मांग

रांची: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक नाबालिग युवती के कथित यौन शोषण मामले को उजागर करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिस हिरासत में कथित बर्बरता और यातना दिए जाने के मामले में गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने झारखंड उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) से इस प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेने तथा अपनी निगरानी में स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया है।
मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सिमडेगा के कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें पत्रकार अभिषेक भारती के साथ पुलिसिया बर्बरता की जो जानकारी दी है, वह बेहद गंभीर और विचलित करने वाली है। आरोप है कि पाकरटांड़ थाना पुलिस ने अभिषेक पर अदालत में मनचाहा बयान देने का दबाव बनाया और इसके लिए घंटों उनकी पिटाई की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें मिली जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि होनी बाकी है। अभिषेक की हालत को देखते हुए उनकी पहली मांग है कि उन्हें समुचित इलाज मिले और वे बिना किसी पुलिसिया दबाव के न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष अपनी बात रख सकें।
मरांडी के अनुसार, मिली जानकारी में बताया गया है कि 26 नवंबर 2026 की रात से 27 नवंबर के अपराह्न करीब तीन बजे तक अभिषेक के साथ रुक-रुककर मारपीट की गई। आरोप है कि उनके तलवों पर बार-बार लाठियां मारी गईं, उंगलियों के बीच पेंसिल फंसाकर दोनों हाथों पर प्रहार किए गए और उन्हें मुंह के बल लिटाकर पीटा गया। इस दौरान कथित तौर पर उनसे बार-बार कहा गया कि अदालत में वही बोलना है, जो पुलिस उनसे कहेगी।
मरांडी ने कहा कि उन्हें बताया गया है कि एक समय अभिषेक ने गिड़गिड़ाकर कहा कि पुलिस जो लिखवाना चाहे, लिखवा ले और चाहे तो सादे कागजों पर हस्ताक्षर करा ले, लेकिन पिटाई बंद कर दे, वरना उनकी जान चली जाएगी। इसके बाद वे कथित तौर पर बेहोश हो गए। मरांडी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को हिरासत में इस हालत तक पहुंचा दिया जाए कि वह अपनी जान बचाने के लिए खाली कागज पर भी दस्तखत करने को तैयार हो जाए, तो जांच उस हर कागज की भी होनी चाहिए, जिस पर हिरासत के दौरान उसके हस्ताक्षर लिए गए हों।
उन्होंने अदालत में पेशी के दौरान हुई घटनाओं की भी जांच की मांग की। मरांडी के मुताबिक, मिली जानकारी के अनुसार जब अभिषेक को रिमांड के लिए सिमडेगा न्यायालय लाया गया, तब वे अपने पैरों पर चलने की स्थिति में नहीं थे। आरोप है कि चार पुलिसकर्मी उन्हें उठाकर न्यायिक दंडाधिकारी के सामने ले गए, जहां वे बेहोश होकर गिर पड़े। लोगों का कहना है कि उनकी हालत देखकर न्यायालय ने उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया। इसके बावजूद पुलिस कथित तौर पर उन्हें पहले सिमडेगा टाउन थाने की हाजत में ले गई और हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल पहुंचाया। मरांडी ने बताया कि उन्हें मिली अंतिम सूचना के अनुसार अभिषेक अस्पताल के बिस्तर पर अचेत थे। उनकी वर्तमान स्थिति की प्रामाणिक जानकारी अस्पताल प्रशासन ही दे सकता है।
इस घटनाक्रम से जुड़ा एक और गंभीर आरोप सामने आया है। बताया गया है कि न्यायालय परिसर में अभिषेक की हालत का मोबाइल से वीडियो बना रहे तीन पत्रकारों को टाउन थाने ले जाया गया। आरोप है कि उनके मोबाइल अपने कब्जे में लेकर उन्हें करीब चार घंटे तक वहां बैठाए रखा गया और रिकॉर्ड किए गए वीडियो मिटाने के बाद रात में छोड़ा गया। मरांडी ने मांग की कि तीनों पत्रकारों को स्वतंत्र रूप से अपना बयान दर्ज कराने का अवसर मिलना चाहिए। यदि उनके फोन से रिकॉर्डिंग मिटाई गई है, तो यह भी सामने आना चाहिए कि ऐसा किसने और किसके निर्देश पर किया।
मरांडी ने इस संबंध में सिमडेगा एसपी से सवाल किया कि अभिषेक को हिरासत में लेते समय उनकी शारीरिक स्थिति क्या थी और अदालत में पेश करते समय क्या स्थिति थी? पेशी के बाद उन्हें कहां ले जाया गया और किस समय सदर अस्पताल पहुंचाया गया? उन्होंने कहा कि इन सवालों के जवाब थाने की स्टेशन डायरी, सीसीटीवी फुटेज, न्यायालय के अभिलेख और अस्पताल के रजिस्टर से मिल सकते हैं। जनता के सामने समय और रिकॉर्ड के साथ तथ्य रखे जाने चाहिए।
मरांडी ने झारखंड उच्च न्यायालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से इस प्रकरण का स्वतः संज्ञान लेकर स्वतंत्र जांच अपनी निगरानी में कराने का अनुरोध किया है। साथ ही पाकरटांड़ और टाउन थाने की संबंधित सीसीटीवी रिकॉर्डिंग, हिरासत व पेशी के दस्तावेज, न्यायालय परिसर की उपलब्ध फुटेज और सदर अस्पताल के चिकित्सा अभिलेख तत्काल सुरक्षित कराने की मांग की है। उन्होंने स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से अभिषेक की जांच कराकर उनकी चोटों का पूरा विवरण दर्ज करने तथा चिकित्सकीय रूप से सक्षम होते ही आरोपों के घेरे में आए पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति में उनका बयान लेने की मांग भी की।
मरांडी ने कहा कि हिरासत में लिया गया व्यक्ति अपनी सुरक्षा के लिए उन्हीं अधिकारियों पर निर्भर होता है, जिनकी निगरानी में वह बंद रहता है। उस भरोसे को तोड़ने का आरोप वर्दी पहनने वाले किसी भी अधिकारी पर लगे, तो जवाबदेही भी उतनी ही स्पष्ट होनी चाहिए। भाजपा ऐसी दमनात्मक कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं करेगी। जांच में जिनकी भूमिका सामने आए, उनके विरुद्ध पद और प्रभाव की परवाह किए बिना कानूनसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए। सिमडेगा के लोगों को यह भरोसा मिलना चाहिए कि थाने के भीतर हुई घटना पर भी वे निर्भय होकर बोल सकते हैं और उनकी बात सुनी जाएगी।



