संविधान दिवस पर संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प, ‘वोट चोरी बंद करो, एसआईआर रद्द करो’ के लगाए नारे

कोडरमा के अम्बेडकर पार्क में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल लोग।
अम्बेडकर पार्क में चार संगठनों ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, मजदूरों-किसानों के अधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों पर उठाई आवाज

कोडरमा: संविधान दिवस के अवसर पर सीटू, एआईकेएस, डीएसएमएम और एआईएलयू के संयुक्त तत्वावधान में अम्बेडकर पार्क में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों की रक्षा का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।

कार्यक्रम के दौरान भारत का संविधान जिंदाबाद, डॉ. अंबेडकर जिंदाबाद, लोकतंत्र बचाओ-देश बचाओ, वोट चोरी बंद करो और एसआईआर रद्द करो जैसे नारे लगाए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता दलित शोषण मुक्ति मंच के जिलाध्यक्ष सह ऑल इंडिया लॉयर्स यूनियन के राज्य संयुक्त सचिव दिनेश रविदास ने की।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान प्रत्येक नागरिक को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व सुनिश्चित करने का संकल्प लेता है। संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि मजदूरों, किसानों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों और वंचित समुदायों के सम्मानजनक जीवन की गारंटी भी है।

संविधान के मूल्यों को शासन व्यवस्था में लागू करना जरूरी: संजय पासवान

सीटू के राज्य सचिव संजय पासवान ने कहा कि संविधान दिवस मनाने की वास्तविक सार्थकता संविधान की प्रस्तावना में निहित मूल्यों को व्यवहार और शासन व्यवस्था में लागू करने में है। उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक एवं श्रम नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनसे मजदूरों और कर्मचारियों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं रोजगार की गारंटी को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं।

उन्होंने चार श्रम संहिताओं के संभावित प्रभाव, मनरेगा कानून में बदलाव, सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण, सरकारी सेवाओं के ठेकाकरण, महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता जैसे मुद्दों पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि इन सवालों को लेकर सीटू के नेतृत्व में 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली में संसद मार्च आयोजित किया जाएगा, जिसमें लाखों लोगों के शामिल होने की संभावना है।

सीटू के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने संविधान में निहित धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय एवं समानता के मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शम्भु पासवान, रघुनाथ दास, अनंत कुमार मेहता, शम्भु कुमार, रंजीत राम, बाबूलाल साव, डालेश्वर राम, मोहम्मद मुबारक मंसूरी, सरफराज अहमद, शुभ्रोज्योति सरकार, पंकज अग्रवाल, संजय कुमार पासवान, किशन कुमार, सुरेश राम, बिरेन्द्र दास, हीरालाल डोम, वैद्य शैलेन्द्र कुमार, गणेश कुमार, बबीता देवी, मंजू देवी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More