दिव्यांगता को दी मात, मुंह से लिखकर मैट्रिक में हासिल किए 93.8% अंक, सीएम ने बढ़ाया हौसला

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज झारखंड विधानसभा में गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को उन्होंने अवगत कराया कि वे सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित हैं और दांतों से पेन पकड़कर (मुंह से लिखकर) पढ़ाई व परीक्षा देते हैं। झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में मुंह से लिखकर उन्होंने 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की है।
मो. फैजानुल्लाह का नामांकन यूएचएस शिवाजीनगर, गोड्डा में रहा है। मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने दिव्यांग छात्र मो. फैजानुल्लाह के शिक्षा के प्रति जज्बे एवं दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना करते हुए अपनी ओर से उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा उनका हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद किए जाने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मो. फैजानुल्लाह की यह उपलब्धि न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। मौके पर राज्य सरकार के कई मंत्रीगण एवं विधायकगण भी उपस्थित थे।



