Ranchi News: संविधान दिवस पर YBN यूनिवर्सिटी की अनूठी पहल, गांव लाली में विद्यार्थियों को किया संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक

रांची: YBN यूनिवर्सिटी की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई एवं स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को संविधान दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके बाद विश्वविद्यालय की टीम ने गोद लिए गए गांव लाली पहुंचकर ग्रामीण विद्यार्थियों एवं समुदाय के बीच संवैधानिक और कानूनी जागरूकता अभियान चलाया।

विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. (डॉ.) एस. पोद्दार एवं कुलसचिव डॉ. दीप्ति भार्गव की उपस्थिति में शिक्षकों एवं अन्य सदस्यों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान देश की एकता, अखंडता, न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के मूल्यों को बनाए रखने की शपथ ली गई। कुलपति के प्रेरणादायक संबोधन के बाद कार्यक्रम के अगले चरण में NSS एवं स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की टीम गांव लाली के लिए रवाना हुई।
गांव लाली में विद्यार्थियों के बीच पेन और नोटबुक का वितरण
गांव लाली में YBN ग्रुप की मुख्य प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. अंकिता यादव एवं गांव के मुखिया जीरेन टोपनो की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लाली विद्यालय के छात्र-छात्राओं के बीच पेन एवं नोटबुक का वितरण किया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनके शैक्षणिक विकास में सहयोग देने का संदेश दिया गया।
जागरूकता रैली निकालकर बताए नागरिक अधिकार और कर्तव्य
इस दौरान NSS इकाई की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। इसके माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को संविधान के महत्व तथा नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को उनके मौलिक अधिकारों, संवैधानिक प्रावधानों एवं कानूनी संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में NSS कार्यक्रम समन्वयक डॉ. कौशल किशोर, स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज की सहायक प्राध्यापिका निकिता एवं रंजन सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
शिक्षा, समानता और न्याय के मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संविधान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना, ग्रामीण विद्यार्थियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में शिक्षा, समानता और न्याय के मूल्यों को बढ़ावा देना था। YBN यूनिवर्सिटी की इस पहल ने संविधान दिवस को केवल एक औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया।



