Koderma News: व्यवहार न्यायालय में सामूहिक रूप से पढ़ी गई संविधान की प्रस्तावना, न्यायिक पदाधिकारियों ने लिया संकल्प

कोडरमा व्यवहार न्यायालय में संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते न्यायिक पदाधिकारी।

कोडरमा: माननीय झारखंड उच्च न्यायालय, रांची एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश के आलोक में संविधान दिवस के अवसर पर कोडरमा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में व्यवहार न्यायालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालयकर्मियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान को सर्वोच्च एवं अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व एवं मार्गदर्शन कोडरमा के प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा राकेश चंद्रा ने किया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया, जिसे उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों एवं न्यायालयकर्मियों ने दोहराया।

अधिकारों और कर्तव्यों के बीच सामंजस्य जरूरी: राकेश चंद्रा

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश चंद्रा ने कहा कि देश के सभी नागरिकों को अपने-अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के बीच सामंजस्य स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लेना चाहिए। यही संविधान दिवस की सबसे बड़ी सार्थकता होगी।

उन्होंने कहा कि किसी दिवस को बार-बार मनाने की प्रासंगिकता तभी है, जब हम उससे कुछ सीख लें। भारतीय संविधान में उल्लेखित अधिकारों एवं कर्तव्यों का पालन करना हर व्यक्ति की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

चंद्रा ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को हमारे देश का अनूठा संविधान अंगीकृत किया गया था। तभी से प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है।

न्यायिक पदाधिकारी और न्यायालयकर्मी रहे मौजूद

कार्यक्रम का संचालन न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह ने किया। मौके पर प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय अमितेश लाल, सीजेएम अमित कुमार वैश, एसीजेएम प्रज्ञा बाजपाई, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी नमिता मिंज, विकास कुमार भगत सहित सभी न्यायालयकर्मी मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More