गिरिडीह में यातायात समस्याओं पर नगर निगम की कार्रवाई अधूरी, RTI रिपोर्ट से उठे सवाल

गिरिडीह: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने, प्रमुख चौक-चौराहों को अतिक्रमणमुक्त करने तथा अव्यवस्थित विद्युत पोल एवं अन्य बाधाओं को हटाने के लिए सिविल सोसाइटी गिरिडीह द्वारा दिनांक 03.09.2026 को पत्रांक 419/2025-26 के माध्यम से नगर निगम प्रशासन को आठ प्रमुख स्थानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी।
इस पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी जानकारी प्राप्त करने के लिए सिविल सोसाइटी के महासचिव शंकर पांडेय द्वारा दिनांक 29.10.2026 को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत विस्तृत सूचना मांगी गई। इसके जवाब में नगर निगम के जन सूचना पदाधिकारी ने पत्रांक 1980, दिनांक 25.11.2026 के माध्यम से कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराया है।
नगर निगम से प्राप्त सूचना के अनुसार, गांधी चौक, पुरानी नगर पालिका कार्यालय के सामने, कालीबाड़ी-बी.बी.सी. रोड टर्निंग तथा टावर चौक पर विद्युत पोल आदि हटाने अथवा स्थानांतरित करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है।
कालीबाड़ी-चंदौरी रोड टर्निंग पर नाली पुनर्स्थापन एवं फल दुकान हटाने तथा बरगंडा चौक दुर्गा मंडप के बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानकारी दी गई है। बड़ा चौक पर दुकान से संबंधित कार्रवाई की गई है, जबकि कुएं की सुरक्षा के संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं, मुस्लिम बाजार, गद्दी मोहल्ला मोड़ पर हाईमास्ट को तकनीकी कारणों से स्थानांतरित करना संभव नहीं बताया गया है।
सिविल सोसाइटी का सवाल है कि क्या संबंधित विभागों को पत्र भेज देना ही जनसमस्याओं का समाधान है? आखिर इन स्थानों पर धरातल पर ठोस कार्रवाई कब होगी?
सिविल सोसाइटी नगर आयुक्त एवं संबंधित विभागों से मांग करती है कि सभी आठ स्थानों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कराकर लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, असुरक्षित कुएं को तकनीकी मानकों के अनुरूप सुरक्षित किया जाए, अतिक्रमण की पुनरावृत्ति रोकी जाए तथा जहां तकनीकी बाधा है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सिविल सोसाइटी स्पष्ट करती है कि सुरक्षित एवं सुगम आवागमन नागरिकों के जीवन और सुरक्षा से जुड़ा विषय है। संविधान के अनुच्छेद 21 की भावना के अनुरूप नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। केवल विभागीय पत्राचार से प्रशासनिक दायित्व की इतिश्री नहीं हो सकती।
यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं होती है, तो सिविल सोसाइटी इस मामले को उच्च प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष उठाते हुए विधिसम्मत कानूनी एवं प्रशासनिक कदम उठाएगी।



