स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चला स्वच्छता अभियान

स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गिरिडीह के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चला स्वच्छता अभियान।
खंडोली, हरिहर धाम, उसरी वाटरफॉल और राजदह धाम सहित 13 प्रखंडों के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की हुई साफ-सफाई, जिला प्रशासन ने लोगों से की स्वच्छता बनाए रखने की अपील

गिरिडीह: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर गिरिडीह जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के सभी 13 प्रखंडों में स्थित प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

अभियान के क्रम में खंडोली, हरिहर धाम, उसरी वाटरफॉल, दुखिया महादेव और सरिया स्थित राजदह धाम सहित जिले के अन्य महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई सुनिश्चित की गई। इसका उद्देश्य पर्यटन स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाए रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

अधिकारियों और कर्मियों की सक्रिय सहभागिता

स्वच्छता अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के तहत पर्यटन स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों की सफाई, कचरे का उचित निस्तारण तथा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन की ओर से अभियान के सफल संचालन के साथ ही स्वच्छता गतिविधियों की नियमित निगरानी पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि पर्यटन स्थलों पर स्वच्छ और अनुकूल वातावरण बना रहे।

स्वच्छ पर्यटन स्थल, सुंदर गिरिडीह का संकल्प

जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले की प्राकृतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण करते हुए पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है। इस पहल से पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों, पर्यटकों और श्रद्धालुओं से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। साथ ही लोगों से पर्यटन स्थलों पर कचरा नहीं फैलाने और कचरे का निस्तारण निर्धारित स्थानों पर ही करने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More