रांची में सीसीएल के दो निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर, 154 लोगों को मिला लाभ

सीसीएल के स्वास्थ्य शिविर में लाभार्थियों को उपलब्ध कराई गईं निःशुल्क दवाइयां।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की स्वास्थ्य जांच, लाभार्थियों को परामर्श के साथ दी गईं निःशुल्क दवाइयां

रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के जन आरोग्य केंद्र, गांधीनगर की ओर से सोमवार को रांची में दो स्थानों पर निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। दोनों शिविरों में कुल 154 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

पहला शिविर पिस्का नगरी स्थित आदर्श वृद्धा आश्रम में आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 70 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। वहीं, दूसरा शिविर सीसीएल की गांधीनगर कॉलोनी स्थित जन आरोग्य केंद्र में लगाया गया, जहां 84 संविदा कर्मचारियों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान विशेष रूप से महिला संविदा कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण पर ध्यान दिया गया। उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श देने के साथ आवश्यकतानुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराईं।

दोनों शिविरों में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और हाइपरटेंशन सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। चिकित्सकों ने लाभार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच कराने की सलाह दी।

शिविरों का उद्देश्य बुजुर्गों और संविदा कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित करना था।

शिविर के सफल आयोजन में डॉ. भरत सिंह, सीएमओ एवं इंचार्ज, गांधीनगर, डॉ. प्रीति तिग्गा, सीएमओ एवं सीएसआर इंचार्ज, डॉ. अनिता होरो, डॉ. दीपक, डॉ. प्रियंका, डॉ. स्वाति, डॉ. प्रीति कुमारी, डॉ. ललिथा प्रिया, डॉ. रत्नेश सिंह, डॉ. रवि रोशन, डॉ. शिल्पी झा, डॉ. उमा, मुन्ना कुमार सिंह, श्रुति जायसवाल, राजेंद्र कच्छप सहित सभी पारा मेडिकल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।

लेखक के बारे में

By Arti kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More