गिरिडीह में पेयजल संकट पर सिविल सोसाइटी का प्रदर्शनात्मक ज्ञापन, नगर आयुक्त और महापौर से की तत्काल कार्रवाई की मांग
-1024x614.jpeg)
गिरिडीह: सिविल सोसाइटी गिरिडीह के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को गिरिडीह नगर निगम के नगर आयुक्त और महापौर से मुलाकात कर नगर निगम क्षेत्र में व्याप्त पेयजल संकट, दूषित जलापूर्ति और अनियमित जल वितरण की समस्या को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि लोगों को गुणवत्ताहीन और अशुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। इससे आम लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि वार्ड संख्या 18, 29, 31 और 32 समेत कई इलाकों में पिछले कई महीनों से नियमित जलापूर्ति बाधित है। कहीं बहुत कम मात्रा में पानी पहुंच रहा है तो कहीं कई दिनों तक जलापूर्ति पूरी तरह बंद रहती है। इसका सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सिविल सोसाइटी ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि पेयजल की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच कराई जाए, जल शुद्धीकरण एवं फिल्ट्रेशन प्रणाली का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जाएं, जलापूर्ति से वंचित क्षेत्रों में शीघ्र नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति बहाल की जाए तथा जलापूर्ति व्यवस्था की सतत निगरानी और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए।
नगर आयुक्त और महापौर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा नगरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर सिविल सोसाइटी गिरिडीह के प्रतिनिधिमंडल में शंकर पांडे, सुनील खंडेलवाल, मोहम्मद तारीक, लखन लाल, कृष्ण कुमार, सुधीर अग्रवाल एवं विशाल कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


