Sahibganj News : ASI को खंभे से बांधकर पीटा, एसपी ने किया सस्पेंड

साहिबगंज में ASI से मारपीट के मामले में पुलिस जांच जारी

जिले के तालझारी थाना क्षेत्र से पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां मोतीझरना बाजार में पदस्थापित एएसआई चिंटू कुमार को ग्रामीणों ने बिजली के पोल से बांधकर पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला बीते मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात का बताया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि एएसआई चिंटू कुमार ड्यूटी के दौरान नशे में धुत होकर बाजार में हंगामा कर रहे थे। उनके व्यवहार से आक्रोशित लोगों ने उन्हें घेर लिया और फिर बिजली के खंभे से बांधकर मारपीट की। इस दौरान उनकी वर्दी तक फटने की बात सामने आई है।

थाना प्रभारी ने कराया मुक्त, एसपी ने लिया बड़ा एक्शन

घटना की सूचना पर तालझारी थाना प्रभारी नीतीश पांडेय दल-बल के साथ मोतीझरना पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर एएसआई को भीड़ से मुक्त कराकर थाने ले गए। ग्रामीणों ने थाने में लिखित शिकायत देकर एएसआई पर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने एएसआई चिंटू कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

19 नामजद सहित 40 अज्ञात पर केस

दूसरी तरफ, एएसआई चिंटू कुमार ने भी इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपने आवेदन में बताया कि 21 अक्टूबर को वे अपने अधिकारियों के आदेश पर सुखसेना घाट, करणपुरातो में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन ड्यूटी में थे। इसके बाद महाराजपुर मेले में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। उनका आरोप है कि देर रात सायरन बजाती हुई सरकारी गश्ती गाड़ी से मोतीझरना से लौटने के दौरान मो. शाहरुख और मो. बाबर ने उनकी गाड़ी रुकवाई। इसके बाद मो. जाफर, मो. जावेद हुसैन समेत अन्य लोगों ने वर्दी का कॉलर पकड़कर उन्हें गाड़ी से खींच लिया और बंधक बनाकर मारपीट की।

एएसआई की शिकायत पर शेख अली खान, गुड्डू खान, लड्डू खान, सदुल खान, शेख राजा, शेख करीम, शेख साजिद सहित कुल 19 नामजद और लगभग 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल भी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More