Sahibganj News: बरहरवा में श्री श्याम जन्मोत्सव की तैयारी शुरू, निकलेगी भव्य निशान यात्रा

बरहरवा: मेन रोड स्थित पटवारी धर्मशाला में श्री श्याम भक्त मंडल, बरहरवा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी श्री श्याम जन्मोत्सव को लेकर रूपरेखा तय की गई।
बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए समाजसेवी राज कुमार पटवारी ने बताया कि इस वर्ष 20 और 21 नवंबर 2026 को बाबा श्याम का जन्मोत्सव बरहरवा में बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। दो दिवसीय उत्सव के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और बाबा का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही, शहर में भव्य निशान शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा को लेकर मार्ग और व्यवस्था पर चर्चा कर ली गई है। इस बार जन्मोत्सव को और अधिक भव्य बनाने पर कमेटी ने जोर दिया है। बैठक में सामाजिक हित में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किया गया। मंडल ने रेल मंत्री से मांग की है कि मालदा से जयपुर तक एक नई सीधी ट्रेन चलाई जाए, जो साहिबगंज, कहलगांव और भागलपुर होते हुए जाए।
मंडल का कहना है कि इस रूट से बरहरवा, साहिबगंज और भागलपुर क्षेत्र के हजारों श्याम भक्तों को राजस्थान स्थित खाटू धाम जाने में काफी सहूलियत होगी। अभी सीधी ट्रेन नहीं होने से भक्तों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मौके पर गौरव डोकानिया, मनीष चौधरी, संदीप सेंथोलिया, चेतन अग्रवाल, श्रवण डोकानिया, रविकांत अग्रवाल, बंटी अग्रवाल, अरुण भगत सहित बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी मौजूद थे।


