Lohardaga News: उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक

जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते उपायुक्त संदीप कुमार मीना।

लोहरदगा: उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, अस्पतालों की आधारभूत सुविधाओं तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने तथा सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

संस्थागत प्रसव एवं मातृ स्वास्थ्य पर विशेष जोर

मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को जिले में संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रत्येक गर्भवती महिला की सभी एएनसी जांच, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों के सेवन, प्रसव एवं टीकाकरण की नियमित ट्रैकिंग करने तथा प्रसव कहां कराया गया, इसका समुचित रिकॉर्ड रखने को कहा गया। सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव की एल-1 सुविधा सुनिश्चित करने, एनक्यूएएस (NQAS) प्रमाणन के लिए निर्धारित मानकों एवं इंडिकेटर्स को पूर्ण करने तथा जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

शिशु स्वास्थ्य एवं एसएनसीयू को क्रियाशील करने का निर्देश

बच्चों के नियमित टीकाकरण एवं आरआई कवरेज की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने टीकाकरण पंजी का समुचित संधारण करने तथा सीएचओ, एएनएम एवं सहिया के साथ नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड को पूरी तरह क्रियाशील करने तथा आवश्यक मरम्मती कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश अस्पताल प्रबंधक को दिया, ताकि नवजात शिशुओं को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।

आवासीय विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य जांच

उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय सहित सभी आवासीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य जांच शिविरों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की मेडिकल टीम एवं ऑप्टिकल असिस्टेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) को आवासीय विद्यालयों में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ योजना के तहत सभी छात्र-छात्राओं की आभा (ABHA) आईडी बनाने का भी निर्देश दिया गया।

एमटीसी केंद्रों में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करें

उपायुक्त ने सभी प्रखंडों में संचालित कुपोषण उपचार केंद्रों (एमटीसी) में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को SAM एवं MAM श्रेणी के बच्चों की पहचान कर उन्हें एमटीसी केंद्रों में भर्ती कराने तथा बच्चों के वजन की नियमित माप सुनिश्चित करने को कहा गया।

अस्पतालों की सुविधाओं एवं जांच व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश

उपायुक्त ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे मशीनों का उपयोग सुनिश्चित करने तथा वीएचएसएनडी सत्रों में सभी निर्धारित चिकित्सीय जांच उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सभी अस्पतालों में एम्बुलेंस की समुचित व्यवस्था बनाए रखने और टीबी एवं कुष्ठ रोग से संबंधित सैंपलों की नियमित जांच कराने को कहा गया। साथ ही, एड्स से पीड़ित पात्र व्यक्तियों को सरकार द्वारा संचालित पेंशन योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया गया।

अस्पतालों एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच

उपायुक्त ने क्लिनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट के तहत शिकायत प्राप्त होने वाले अस्पतालों की जांच कराने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, पीसीपीएनडीटी (PCPNDT) एक्ट के प्रावधानों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों की संबंधित मेडिकल टीम द्वारा नियमित जांच कराने को कहा गया।

स्वास्थ्य केंद्रों की आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश

बैठक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवन, पेयजल, विद्युत एवं शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका कुमारी चौधरी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More