Dhanbad News: कुरमी समाज के एसटी मांग के विरोध में आदिवासियों ने निकाली रैली

धनबाद: कुरमी समाज के एसटी में शामिल करने की मांग के विरोध में आदिवासी समाज के हजारों लोग पारंपरिक वेशभूषा में तीर-धनुष और ढोल-नगाड़ों के साथ सोमवार को सड़कों पर उतरे। गोल्फ ग्राउंड से मेमको मोड़ तक विशाल रैली निकालकर उन्होंने कुर्मी समाज को एसटी-एससी सूची में शामिल करने की मांग का कड़ा विरोध किया।
मौके पर आदिवासी समाज की ओर से रैली का आयोजन किया गया। रैली गोल्फ ग्राउंड से निकलकर मेमको मोड़ तक पहुंची, जहां सभा कर प्रतिनिधियों ने धनबाद उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। रैली में शामिल महिला-पुरुष पारंपरिक परिधान में ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। इस दौरान वे एक तीर, एक कमान, आदिवासी एक समान” का नारा लगा रहे थे।
रैली में आदिवासी नेताओं ने कहा कि कुर्मी समाज के खुद को एसटी या एससी सूची में शामिल करने की मांग पूरी तरह से झूठे इतिहास पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुर्मी समाज के लोग झूठा इतिहास गढ़कर और झूठे आंदोलन चलाकर खुद को आदिवासी बताने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि वे कभी भी अनुसूचित जनजाति या अनुसूचित जाति की सूची में शामिल नहीं रहे हैं।
नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज अपनी संस्कृति, परंपरा और संवैधानिक पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने सरकार से मांग किया कि ऐसे भ्रामक आंदोलनों पर रोक लगाई जाए और कुर्मी समाज को किसी भी स्थिति में एसटी या एससी सूची में शामिल नहीं किया जाए।


