Dhanbad News: स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन की समीक्षा, लापरवाही पर कनीय अभियंताओं के वेतन पर रोक

ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता

60 सेग्रिगेशन शेड अगले एक माह में पूरा करने का लक्ष्य, जिला समन्वयक को शो-कॉज

धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, हर घर जल, जल जीवन मिशन एवं ओडीएफ प्लस के तहत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में योजनाओं की धीमी प्रगति और कार्यों में लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में सभी लंबित कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान सेग्रिगेशन शेड निर्माण की धीमी प्रगति पर डीडीसी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिले में कुल 256 सेग्रिगेशन शेड का निर्माण किया जाना है। कार्यों में लापरवाही और मॉनिटरिंग में कमी पाए जाने पर तोपचांची के कनीय अभियंता को छोड़कर अन्य सभी कनीय अभियंताओं के एक माह के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। साथ ही अगले एक माह में 60 सेग्रिगेशन शेड का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्य में लापरवाही बरतने पर एक जिला समन्वयक को भी शो-कॉज जारी करने का निर्देश दिया गया। डीडीसी ने संबंधित अभियंताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्रामीणों को नियमित और सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं को समय पर पूरा कर ग्रामीण परिवारों तक पेयजल की सुविधा पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा पाइपलाइन, सिविल वर्क एवं मशीनरी से संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन एवं सिविल वर्क की प्रगति, मशीनरी की उपलब्धता और लंबित भुगतान की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को लंबित भुगतान एवं कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, योजनाओं में डुप्लीकेशन रोकने तथा पूर्ण योजनाओं का समय पर हैंडओवर करने का निर्देश दिया गया।

पंचायतवार स्थिति की भी हुई समीक्षा

बैठक में योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, लंबित कार्यों, भुगतान और पंचायतवार स्थिति की समीक्षा की गई। डीडीसी ने लंबित कार्यों एवं बिलों का त्वरित निष्पादन करने तथा योजनाओं की प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और जल जीवन मिशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन पर जोर दिया। साथ ही पंचायत स्तर पर बीडीओ, मुखिया, प्रमुख एवं जिला परिषद सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित फील्ड विजिट करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन करने का निर्देश दिया।

बैठक में पीएचईडी-2 के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल, जिला एवं प्रखंड समन्वयक तथा पीएमयू टीम के सदस्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More