Dhanbad News: चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर झामुमो का प्रदर्शन, रणधीर वर्मा चौक पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन

चुनावी प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर उठाए सवाल, राष्ट्रपति से कार्रवाई की मांग
धनबाद: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) धनबाद जिला समिति ने रविवार को रणधीर वर्मा चौक पर प्रदर्शन करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। पार्टी नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए तथा इस संबंध में राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग की।

झामुमो नेताओं ने कहा कि हाल के समय में प्रकाशित कुछ मीडिया रिपोर्टों और सार्वजनिक चर्चाओं में निर्वाचन आयोग के भीतर निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम जोड़ने-हटाने और चुनावी डाटा से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
झामुमो धनबाद जिलाध्यक्ष लक्खी सोरेन ने कहा कि चुनाव आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण संस्था है और उसकी निष्पक्षता पर जनता का विश्वास बना रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि आयोग के भीतर किसी निर्णय को लेकर मतभेद या आपत्तियां दर्ज हुई हैं, तो उनसे जुड़े तथ्यों को स्पष्ट किया जाना चाहिए।
पूर्व मेयर एवं झामुमो नेता चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची से जुड़े विषय नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े हैं, इसलिए इन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।
जिला सचिव मन्नू आलम ने कहा कि यह प्रदर्शन चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर पार्टी की चिंताओं को व्यक्त करने के लिए आयोजित किया गया। उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से उठाए गए सवालों पर स्पष्टीकरण की मांग की।
राष्ट्रपति से की कार्रवाई की मांग
झामुमो ने राष्ट्रपति से मुख्य चुनाव आयुक्त के संबंध में कार्रवाई करने की मांग भी रखी। पार्टी नेताओं ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य रमेश टुडू, जग्गू महतो, डब्लू महाथा, तस्लीम अंसारी, जिला उपाध्यक्ष अजय रवानी, जिला प्रवक्ता समीर रवानी, संगठन सचिव मनोज रवानी, कोषाध्यक्ष किशोर मुर्मू, महानगर अध्यक्ष मंटू चौहान सहित पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।


