Sahebganj News: तीनपहाड़ स्टेशन से दो चोरी के मोबाइल संग 59 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

बरहरवा: यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष गश्ती अभियान के तहत बरहरवा पोस्ट की टीम ने तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय से चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ 59 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने दोनों मोबाइल बरहरवा स्टेशन पर रात में सो रहे यात्रियों से चोरी करने की बात स्वीकार की है।
घटना 2 अक्टूबर की है, जब आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में एएसआई जलेश्वर कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल विजय लकड़ा, कांस्टेबल अनिल कुमार साह, अजय कुमार और ब्रजेश कुमार यादव की टीम तीनपहाड़ स्टेशन पर गश्त कर रही थी। प्रतीक्षालय में संदिग्ध अवस्था में बैठे एक व्यक्ति से पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसके बैग की तलाशी ली गई। बैग से कपड़े में लिपटे दो मोबाइल- एक सैमसंग जिसकी कीमत 17,599 रुपये और दूसरा रियलमी C-21 जिसकी कीमत 9,999 रुपये है, कुल 27,598 रुपये मूल्य के दोनों फोन बिना सिम और लॉक अवस्था में बरामद हुए।
आरोपी की पहचान शैलेन्द्र मंडल, 59 वर्ष, पिता स्व. वासुदेव मंडल, निवासी मंडपारा, थाना व जिला गोड्डा के रूप में हुई है। उसने बताया कि बरहरवा में चोरी के बाद वह जमालपुर सुपर ट्रेन से तीनपहाड़ पहुंचा था और दिन में बाहर घूमकर वापस प्रतीक्षालय में आ गया था। वैध कागजात नहीं दिखा पाने पर आरपीएफ ने दोनों फोन जब्त कर आरोपी को लिखित शिकायत के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया है।


