तालझारी मर्डर केस: 24 घंटे में पुलिस को बड़ी सफलता, तीन आरोपी गिरफ्तार

साहिबगंज : तालझारी प्रखंड के मेहंदी गांव में हुए मिथुन पहाड़िया हत्याकांड का तालझारी पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता कर इस कार्रवाई की जानकारी दी। इस दौरान राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन और तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पांडेय भी मौजूद रहे।
बता दें कि 28 अक्टूबर 2026 की देर शाम तालझारी थाना को सूचना मिली थी कि मेहंदी गांव में मिथुन पहाड़िया की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर राजमहल एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 29 अक्टूबर को तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई हुई थी। इसी दौरान वारना हांसदा ने पत्थर उठाकर मिथुन के सिर के पीछे जोरदार वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी सोनी मालतो के बयान पर तालझारी थाना में कांड संख्या 186/2026, दिनांक 29.10.2026, धारा बीएनएस 103(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में वारना हांसदा (19 वर्ष), पिता स्व. दानियल हांसदा, निवासी मेहंदी पोखर; बेटका किस्कु (19 वर्ष), पिता स्व. मांझी किस्कु, निवासी मेहंदी पोखर; तथा वीरधन सोरेन (19 वर्ष), पिता स्व. भागवत सोरेन, निवासी बांसकोला, सभी थाना तालझारी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
छापेमारी दल में राजीव रंजन, नितेश कुमार पांडेय, विकास सेठ, कन्हैया प्रसाद साह, राम सिंह बोपाई, मनीष रंजन, रंजय यादव एवं रिजर्व गार्ड बल के जवान शामिल थे।


