Sahebganj News: डीसी दीपक कुमार दुबे के आदेश पर संत जेवियर्स स्कूल में फाइलेरिया जांच अभियान

बरहरवा: उपायुक्त दीपक कुमार दुबे के आदेश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बरहरवा की ओर से फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोटालपोखर स्थित संत जेवियर्स स्कूल में जागरूकता एवं जांच कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बरहरवा प्रखंड के 192 विद्यालयों में जांच अभियान चलाया, जिसके तहत संत जेवियर्स स्कूल में भी औचक जांच की गई। अभियान के दौरान विद्यालय के कक्षा प्रथम और द्वितीय के कुल 86 बच्चों का Q-FAT टेस्ट (फाइलेरिया जांच) किया गया। राहत की बात है कि सभी बच्चों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
इस मौके पर टीम लीडर अजय कुमार ने बच्चों के साहस की सराहना की। इसके बाद कक्षा नवम के छात्रों के लिए एक जागरूकता सत्र भी चलाया गया, जिसमें फाइलेरिया क्या है, कैसे फैलता है और इससे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में टीम के एस.आई. रितेश भगत, सहायक सुनील कुमार साह, बबलू हांसदा, जसकन मुर्मू और रंजीत हालदार मौजूद रहे। अंत में विद्यालय के प्राचार्य फादर डॉ. स्टीफन राज ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की और पूरी टीम व विद्यालय परिवार को धन्यवाद दिया।

