Sahibganj News: गंगा कटाव से साहिबगंज-बरहरवा रूट पर 12 ट्रेनें रद्द, कई का बदला रूट

साहिबगंज: मालदा मंडल के सकरीगली-महाराजपुर के बीच गंगा नदी के तटबंध में भीषण कटाव के कारण डाउन लाइन पर ट्रेन परिचालन पूरी तरह स्थगित कर दिया गया है। कटाव का असर दूसरे दिन भी जारी रहा। 30 सितंबर 2026 को 12 लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द रहीं, जबकि कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक रूट से चलाया गया।
महाराजपुर और सकरीगली स्टेशन के बीच झुंझरी पुल के समीप पोल संख्या 219/32 पर रेलवे ट्रैक गंगा नदी से महज 10 से 15 मीटर दूर है। करीब 100 मीटर रेलवे ट्रैक कटाव की जद में बताया जा रहा है। ऐसे में रेलवे किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।
लगातार दूसरे दिन ट्रेनों के रद्द रहने से दैनिक यात्रियों, छात्रों, मरीजों और कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साहिबगंज स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को टोटो और टेंपो से महंगे किराए पर सफर करना पड़ रहा है।
कटाव रोकने में जुटी रेलवे की टीम
रेलवे की इंजीनियरिंग टीम मौके पर बोल्डर, मोरंग, छर्री और गर्दी डालकर कटाव रोकने का प्रयास कर रही है। हालांकि गंगा का जलस्तर और कटाव की तेज रफ्तार अब भी चुनौती बनी हुई है। रेलवे के अनुसार, स्थिति के कारण यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों का परिचालन भी प्रभावित रहेगा।
30 सितंबर को रद्द रहीं ये 12 ट्रेनें
रेलवे ने 30 सितंबर 2026 से शुरू होने वाली निम्न ट्रेनों को रद्द किया है—
- 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू
- 63421 आजीमगंज-साहिबगंज मेमू
- 63411 साहिबगंज-भागलपुर मेमू
- 63063 बर्द्धमान-साहिबगंज मेमू
- 53411 बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर
- 13427 हावड़ा-साहिबगंज एक्सप्रेस
- 63405 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू
- 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू
- 63422 साहिबगंज-आजीमगंज मेमू
- 63412 भागलपुर-साहिबगंज मेमू
- 63064 साहिबगंज-बर्द्धमान मेमू
- 53412 साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर
कई ट्रेनों का बदला गया रूट
कटाव के कारण कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया गया। 13106 बलिया-सियालदह एक्सप्रेस को 29 सितंबर 2026 और 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस को 28 सितंबर 2026 को मुंगेर-भागलपुर-बांका-देवघर-जसीडीह बाईपास रूट से चलाया गया।
वहीं 13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस को 30 सितंबर 2026 को किऊल-झाझा-आसनसोल के रास्ते डायवर्ट किया गया।
कुछ ट्रेनों का आंशिक समापन और प्रारंभ
कटाव की स्थिति के कारण कुछ ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से किया गया। 53029 आजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर को 29 सितंबर 2026 को बरहरवा में ही समाप्त कर दिया गया।
इसके अलावा 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर और 13409 मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस का 30 सितंबर 2026 को परिचालन साहिबगंज से शुरू किया गया।


