Sahebganj News: उपायुक्त दीपक कुमार दुबे व एसपी अमित कुमार सिंह ने शांति समिति संग की बैठक

साहिबगंज: जिले में दुर्गा पूजा को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई जिसमें उपायुक्त दीपक कुमार दुबे और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने पूजा समितियों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी पूजा समितियां आयोजन से पूर्व अपनी समिति सदस्यों के साथ बैठक कर लें और हाईकोर्ट के आदेश एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे का प्रयोग करें, साथ ही बिना जिला प्रशासन की अनुमति के कोई कार्यक्रम आयोजित न करें। उन्होंने सभी पंडालों के पास नजदीकी अस्पताल को टैग कर फर्स्ट एड की व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्वच्छता को प्राथमिकता देने को कहा, वहीं उत्कृष्ट पंडाल को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई और शपथ-पत्र जमा करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पंडालों में सीसीटीवी, कंट्रोल रूम, अग्निशमन उपकरण और पब्लिक एड्रेस सिस्टम अनिवार्य रूप से लगाने का निर्देश दिया तथा विद्युत वायरिंग का सेफ्टी सर्टिफिकेट थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की जेब में नाम-पता और मोबाइल नंबर की पर्ची रखने और भीड़ को देखते हुए पैदल चलने की अपील की। उन्होंने थर्माकोल और प्लास्टिक के दोना-पत्तल पर रोक, डस्टबिन की व्यवस्था और दुकानों को निर्धारित स्थल पर लगाने का निर्देश दिया। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रखने की बात कही और अफवाह न फैलाने की अपील की है।


