Sahebganj News: कांग्रेस का विशाल पैदल मार्च, जिला कार्यालय से समाहरणालय तक निकाला जुलूस

साहिबगंज: प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर सोमवार को जिला कांग्रेस कार्यालय से समाहरणालय तक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। मार्च का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष बरकतुल्लाह खान ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता, एसआईआर-2026 प्रक्रिया, मतदाता सूची की शुचिता और पारदर्शिता तथा पात्र नागरिकों के मताधिकार की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को उठाया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक व संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर नारेबाजी की। विरोध के तहत प्रतीकात्मक पुतला दहन भी किया गया। कार्यक्रम के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम उप विकास आयुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
मार्च में जिलाध्यक्ष बरकत खान, पूर्व जिला अध्यक्ष अनुकूलचंद्र मिश्रा, सरफराज आलम, प्रदेश पदाधिकारी, जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारी, सभी प्रखंड व मंडल अध्यक्ष, अग्रणी संगठनों और विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।


