Sahebganj News: बरहेट में प्रस्तावित लिंक सड़क के अलाइनमेंट विरोध में समाहरणालय पहुंचे ग्रामीण

साहिबगंज: बरहेट प्रखंड अंतर्गत गोपालडीह एडीबी रोड से हड़वाडीह होते हुए भोगनाडीह तक बन रही लिंक सड़क के निर्माण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। मंगलवार को दर्जनों ग्रामीणों ने समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और सड़क का अलाइनमेंट बदलने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि मौजा हड़वाडीह संख्या-32 में प्रस्तावित लिंक सड़क खेती योग्य जमीन से होकर गुजर रही है, जिससे उनकी उपजाऊ जमीन का बड़ा हिस्सा प्रभावित होगा। ग्रामीणों का कहना है कि वे पीढ़ियों से इसी जमीन पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और रोजी-रोटी चला रहे हैं।
ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि खेत के बीच से सड़क निकाली गई तो उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि खेती की जमीन को बचाते हुए वैकल्पिक रास्ते से सड़क का निर्माण कराया जाए। इस पर उपायुक्त ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बयान सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में गांव के स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।


