Sahebganj News: आरपीएफ बरहरवा ने प्लेटफॉर्म पर भटक रहे दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित किया रेस्क्यू

बरहरवा: रेलवे सुरक्षा बल ने एक बार फिर मानवता और सतर्कता की मिसाल पेश की है। दिनांक 27.09.2026 को राउंड-कम-सर्च ड्यूटी के दौरान बरहरवा रेलवे स्टेशन पर दो नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक एके हांसदा, कांस्टेबल अनिल कुमार साह एवं कांस्टेबल बबलू कुमार ड्यूटी पर थे। इसी दौरान लगभग दोपहर 02:00 बजे प्लेटफार्म संख्या- पर फुटओवर ब्रिज के समीप पश्चिमी छोर पर दो बच्चे संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर घूमते हुए दिखाई दिए। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों बच्चों से पूछ-ताछ की। दोनों की उम्र लगभग 14 वर्ष है और दोनों पाकुड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
काउंसलिंग के दौरान एक बच्चे ने बताया कि उसकी जैविक माता का निधन हो चुका है और सौतेली मां उसे प्रताड़ित करती है। पिता नशे के आदी हैं, इसलिए परेशान होकर वह अपने दोस्त के साथ टोटो पकड़कर बरहरवा स्टेशन आ गया था। दूसरे बच्चे ने बताया कि वह दोस्ती के कारण साथ आ गया और दोनों कोई ट्रेन पकड़कर बाहर जाने वाले थे। बच्चों की कम उम्र और असहाय स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से दोनों को रेस्क्यू कर आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया।
तत्पश्चात इसकी सूचना रेलवे चाइल्ड हेल्पलाइन साहिबगंज को दी गई। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन के राधे श्याम एवं किरण कुमारी आरपीएफ पोस्ट बरहरवा पहुंचे। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों नाबालिग बच्चों को उनकी सुरक्षा, देखभाल और आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन साहिबगंज के सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।


