हेमन्त सोरेन के मांदर की थाप पर थिरके कदम

राँची: करमा पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रांची वीमेंस कॉलेज (साइंस ब्लॉक) स्थित आदिवासी छात्रावास परिसर में छात्रों के साथ करमा पर्व में शामिल हुए। इस अवसर पर उनका करमा परब आयोजन समिति के द्वारा परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया।  मुख्यमंत्री ने करम राजा की पूजा की। कर्यक्रम के दौरान हेमन्त सोरेन ने मांदर पर थाप दी और छात्रों के साथ छात्र-छात्राओं के कदम भी थिरकाए । हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में चलना ही नृत्य है और बोलना ही गान है। करमा पर्व इसी की एक पहचान है ।

 

 

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह पर्व अपनी समृद्ध परंपरा , सभ्यता और संस्कृति को अक्षुण्ण रखने का प्रतीक है। हम इस पर्व के माध्यम से अपनी सभ्यता और संस्कृति को और मजबूत बनाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि करमा सिर्फ त्यौहार मात्र नहीं है, बल्कि यह हमें कई संदेश भी देता है। यह पर्व मानव जीवन का प्रकृति से अटूट लगाव को दर्शाता है। सदियों से मानव सभ्यता और प्रकृति के बीच के समन्वय को बताता है।

हेमन्त सोरेन ने कहा कि कोरोना पर सरकार और आम लोगों के सहयोग से हम काबू कर पाए हैं। अब आम जीवन फिर से पटरी पर आने लगी है । लगभग डेढ़ सालों से पूरी दुनिया कोरोना महामारी को झेल रही है सारी व्यवस्था अस्त व्यस्त हो गई । उन्होंने कहा कि जन्ता के सहयोग और ताकत से ही हम कोरोना को नियंत्रित करने में कामयाब हुए हैं। झारखंड में कोरोना को काबू करने के लिए सरकार ने जो कदम उठाए,  वह पूरी दुनिया के लिए मिसाल बन गई । अब विकास को रफ्तार देने की दिशा में तेजी से सरकार कदम बढ़ा रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More