Palamu News : उपायुक्त ने चुनाव पाठशाला का किया निरीक्षण, मतदाता सूची पुनरीक्षण में तेजी लाने के निर्देश

पलामू : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बुधवार को डाल्टनगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मेदिनीनगर स्थित राजकीय बालिका बुनियादी विद्यालय एवं भीष्म नारायण इंटर महाविद्यालय में आयोजित चुनाव पाठशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ एवं बीएलए-2 के बीच समन्वय से संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 4 नवंबर को प्रपत्र-2 का प्रकाशन किया जाए। साथ ही बीएलओ, बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की पांचवीं बैठक आयोजित की जाए।
उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान सत्यापन नहीं कराने वाले मतदाताओं की नामवार सूची सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाई जाए। इसके अलावा आम नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से सुझाव और आपत्तियां भी प्राप्त की जाएं।
उपायुक्त ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने, सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित करने तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम शामिल होने से रोकने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने 18 नवंबर को प्रपत्र-3 के प्रकाशन एवं छठी बैठक के आयोजन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बीएलओ एवं बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने को कहा।
इस मौके पर डाल्टनगंज विधानसभा के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सदर अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।




