जीसीपीए कॉलेज के दीपावली स्नेह मिलन में गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश

दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते अतिथि

पलामू: गुलाबचंद प्रसाद अग्रवाल महाविद्यालय, सड़मा में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान के तहत दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत – 100 सप्ताह संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में नगर भ्रमण, स्वच्छता अभियान, दीपोत्सव और रंगोली के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनाने की भी है।


नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता (चुनमुन) ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत हैं। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार, शिक्षा और रोजगार को भी प्रभावित करता है। नगर का वास्तविक विकास सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त युवा तैयार करना भी विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने महाविद्यालय की पहल की सराहना करते हुए 100 सप्ताह तक लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।


बीडीओ आशीष कुमार साहू ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, अभिभावकों और युवाओं की सामूहिक भागीदारी जरूरी है। इस अवसर पर प्रो. अशोक कुमार पाठक ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत का संकल्प दिलाया। दीपोत्सवके तहत सामूहिक रूप से दीप जलाए गए। वहीं छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर नशामुक्ति का संदेश दिया।


सांस्कृतिक कार्यक्रम में संगीत शिक्षा संस्थान के निदेशक रंजन कुमार रवि, गायिका प्रिया वर्मा और गायक विक्की पलामू ने गीत-संगीत की प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की।

जागरूकता अभियान के तहत महाविद्यालय परिवार ने नगर भ्रमण कर आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और इससे दूर रहने की अपील की। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय, सड़मा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रभारी प्राचार्य डॉ. अखिलेश कुमार सिंह ने बच्चों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार के सदस्यों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय परिसर में विशेष सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया, जहां बीडीओ आशीष कुमार साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता, प्रभारी प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और विद्यार्थियों ने सेल्फी लेकर नशामुक्त भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन पंचम कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन एनएसएस समन्वयक प्रो. राजकिशोर लाल ने किया। आयोजन में महाविद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों की अहम भूमिका रही।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More