बहादुर लड़की, तुमने ये क्या किया!

आदिवासी अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाली युवा नेत्री निशा भगत।

रांची: निशा भगत से मेरी कभी मुलाकात नहीं हुई। मैं उनके बारे में बहुत कुछ जानता भी नहीं हूं। उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि की भी जानकारी नहीं है। लेकिन रांची में पिछले दो-तीन वर्षों के दौरान मैंने इस युवा आदिवासी लड़की को सड़कों पर जिस तरह सरना, सनातन और आदिवासियों के हक-अधिकार के लिए निडर होकर जूझते, संघर्ष करते और पुलिस से भिड़ते हुए देखा, उसने मुझे प्रभावित किया।

बहादुर लड़की, न डरने वाली, न झुकने वाली। आदिवासियों के हक-अधिकार के लिए जहां भी जरूरत पड़ती थी, निशा भगत खड़ी हो जाती थी। विरोधियों को पस्त कर देती थी। पुलिस-प्रशासन का तनिक भी डर नहीं था। सही रास्ते पर हैं तो क्यों डरें? यही उसका आधार था।

रिम्स की जमीन पर वर्षों से घर बनाकर रह रहे आदिवासियों को जब हटाया जा रहा था, तो निशा ने उनके घरों को बचाने के लिए गजब का संघर्ष किया। पुलिस को उसे जबरन उठाकर ले जाना पड़ा। संघर्ष का वीडियो सबने देखा होगा। आदिवासी हितों की जहां बात आती, निशा भगत सबसे पहले वहां खड़ी हो जाती। पुलिस की लाठी खाने और जेल जाने से भी नहीं डरती थी। जेल गई भी। जमीन दलालों के खिलाफ भी उसने खूब संघर्ष किया। आदिवासियों की जमीन पर कहीं कब्जे की कोशिश होती, निशा भगत खड़ी हो जाती। अकेले वह हजारों पर भारी पड़ती थी।

गजब का जज्बा था इस युवा महिला नेत्री में। ऐसा लगता था कि निशा भगत बहुत आगे जाएगी। झारखंड की माटी में ही कुछ ऐसा है, जो इस तरह की बेटियों और बेटों को पैदा करती है।

निशा के संघर्षों से विरोधियों की नींद उड़ गई थी। उसके ऊपर तरह-तरह के लांछन और आरोप लगाए जाने लगे। षड्यंत्र रचे जाने लगे। चरित्र हनन का प्रयास हुआ। आखिरकार वह टूट गई और सोशल मीडिया पर लाइव आकर आत्महत्या कर ली। बहुत देर तक विश्वास नहीं हुआ कि इतनी बहादुर लड़की आत्महत्या कैसे कर सकती है।

ऐसा लगता है कि जब उसके चरित्र पर लांछन लगाए गए, तो उसने अपने माता-पिता के सम्मान का हवाला देते हुए अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। लेकिन निशा, तुमने यह ठीक नहीं किया। विरोधियों के सामने इतनी जल्दी हार मान ली। तुमसे ऐसी उम्मीद नहीं थी। तुम तो बहादुर लड़की थी। फिर ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया? विरोधियों के सामने हार मान ली। तुम तो आंदोलनकारी की बेटी थी। तुम्हारे इस कदम से समाज के साथ-साथ तुम्हारे माता-पिता भी बहुत दुखी हैं।

लाइव वीडियो में निशा ने जो कहा है और आत्महत्या के जो कारण बताए हैं, उनकी जांच होनी चाहिए। जो आरोपी और दोषी हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को स्वयं संज्ञान लेना चाहिए।

झारखंड की एक बहादुर लड़की असमय चली गई। धनतेरस और दीपावली की खुशियों के बीच निशा का इस तरह जाना बेहद दुखद है। संघर्ष का ऐसा अंत कल्पना से परे है।

लेखक के बारे में

By Sunil Singh

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More