पलामू में भाजपा बूथ अध्यक्ष पर हमले से प्रदेश अध्यक्ष नाराज, आदित्य साहू ने रिम्स पहुंचकर जाना हाल

रिम्स में घायल बूथ अध्यक्ष से मिले आदित्य साहू
आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं होने पर थाना और एसपी कार्यालय के घेराव की चेतावनी

पलामू: पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरियाडीह गांव निवासी एवं भाजपा बूथ अध्यक्ष संजय यादव के अपहरण और बेरहमी से मारपीट किए जाने की घटना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने गहरी नाराजगी जताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। हमले में संजय यादव की पसली टूट गई है और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनका इलाज रिम्स अस्पताल में चल रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अस्पताल पहुंचकर संजय यादव से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।

आदित्य साहू ने कहा कि संजय यादव को उनके घर से अगवा कर करीब चार किलोमीटर दूर ले जाया गया और वहां बबलू सिंह, शफीक अंसारी, हेमंत कुमार एवं शकील अंसारी ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की। यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। आखिर कुछ लोग क्यों नहीं चाहते कि गरीब और कमजोर वर्ग का व्यक्ति सम्मान के साथ आगे बढ़े? किसी को डराना, धमकाना और उसका शोषण करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे दबंग और गुंडा प्रवृत्ति के तत्वों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।

उन्होंने पलामू पुलिस से घटना में नामजद चारों आरोपियों को अविलंब गिरफ्तार करने और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाजपा संबंधित थाना और पलामू एसपी कार्यालय का घेराव करने को बाध्य होगी।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More