उपायुक्त ने संप्रेषण गृह के किशोरों के सभी 11 पैकेट दीप खरीदे, वात्सल्य होम के बच्चों को करेंगे भेंट

पलामू: संप्रेषण गृह, पलामू के विधि विवादित किशोरों द्वारा तैयार मिट्टी के कलात्मक दीपों का शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में स्टॉल लगाया गया। इसका उद्घाटन जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने किया।
इस दौरान उपायुक्त शेखावत ने किशोरों द्वारा तैयार किए गए सभी 11 पैकेट दीप स्वयं खरीदे। उन्होंने प्रति पैकेट 120 रुपये की दर से कुल 1320 रुपये का भुगतान फोन-पे के माध्यम से किया।
डीसी ने खरीदे गए दीपों को वात्सल्य होम के बच्चों को उपहार स्वरूप भेंट करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इन दीपों से वात्सल्य होम रोशन होगी, इससे सुखद और कुछ नहीं हो सकता है।
मौके पर सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक पीयूष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




