Koderma News: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में हुई जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक

समाहरणालय सभागार में धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन को लेकर बैठक की अध्यक्षता करते डीसी उत्कर्ष गुप्ता।

कोडरमा: समाहरणालय सभागार में मंगलवार को उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत धान अधिप्राप्ति केंद्रों के चयन को लेकर जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में जिले में धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य करीब 75 हजार क्विंटल निर्धारित किया गया। उपायुक्त ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को सभी प्रखंडों से उपयुक्त धान अधिप्राप्ति केंद्रों का चयन कर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

साथ ही झारखंड राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पोर्टल पर ग्रेडिंग के तहत न्यूनतम एल-4 ग्रेड प्राप्त केंद्रों के चयन, पैक्स एवं लैम्प्स के चयन में सावधानी बरतने तथा नई कृषक सेवा सहकारी समितियों और व्यापार मंडलों को अधिप्राप्ति केंद्र के रूप में चयनित करने की निर्धारित शर्तों पर चर्चा की गई।

उपायुक्त ने धान अधिप्राप्ति कार्य को पारदर्शी, सुचारू एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राम रतन वर्णवाल, जिला सहकारिता पदाधिकारी रूमा झा, जिला कृषि पदाधिकारी सुरेश स्वांसी, ईओडीबी प्रबंधक राजीव कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More