Lohardaga News: शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर में व्यक्तित्व विकास शिविर का हुआ आयोजन

लोहरदगा: शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर, लोहरदगा में भैया-बहनों के सर्वांगीण विकास एवं अंतर्निहित प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से बालक-बालिका व्यक्तित्व विकास शिविर का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत विभिन्न कक्षाओं के भैया बहनों के लिए रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। शिविर के तहत कक्षा षष्ठ एवं सप्तम के भैया-बहनों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें भैया बहनों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक अभिरुचि एवं रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता कक्षाचार्य रानी प्रिया, अक्षरा पालीवाल, विजय कुमार कर्ण एवं प्रोन्नति यादव की देखरेख में संपन्न हुई।
कक्षा नवम एवं दशम के भैया-बहनों के बीच इंग्लिश क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के अंग्रेजी भाषा संबंधी ज्ञान, शब्दावली, त्वरित निर्णय क्षमता एवं आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। इसके सफल संचालन में अंग्रेजी के आचार्य मुकेश कुमार सिन्हा, विकास कुमार भारती एवं रितेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने कहा कि, “व्यक्तित्व विकास शिक्षा का एक महत्वपूर्ण अंग है। शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि भैया बहनों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।
इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ भैया-बहनों को अपनी प्रतिभा पहचानने तथा उसे निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। प्रत्येक भैया बहनों में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, आवश्यकता है उसे उचित मंच और प्रोत्साहन देने की।” विद्यालय परिवार विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। बालक-बालिका व्यक्तित्व विकास शिविर इसी दिशा में एक सार्थक पहल है, जो भैया-बहनों को शैक्षणिक ज्ञान के साथ जीवनोपयोगी कौशल एवं सकारात्मक व्यक्तित्व विकसित करने के लिए प्रेरित करता है।


