Lohargada News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का हुआ सफल आयोजन

लोहरदगा: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भंडरा में मंगलवार को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन रक्त केंद्र, सदर अस्पताल लोहरदगा की टीम द्वारा किया गया। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डॉ. संजय कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल लोहरदगा के रक्त केंद्र द्वारा पत्र जारी कर शिविर लगाने की सूचना दी गई थी।
जिसके आलोक में आज दिनांक 6 अक्टूबर को भंडरा सीएचसी में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य रक्त केंद्र, लोहरदगा में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, ताकि जिले के जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती महिलाओं और सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। शिविर में भंडरा प्रखंड के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, युवाओं और विभिन्न संगठनों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वैच्छिक रक्तदान किया।
मौके पर डॉ. संजय कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है। रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि इससे किसी जरूरतमंद की जान बचती है। एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है।उन्होंने सभी रक्तदाताओं का आभार जताया और भविष्य में भी इस तरह के शिविर में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि शिविर में संग्रहित किए गए रक्त को सदर अस्पताल लोहरदगा के ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा जाएगा।


