झरने की गहराई में समा गई दो जिंदगियां, बचाने की कोशिश में दूसरे युवक की भी गई जान

लोहरदगा: जोबांग और किस्को थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित अंवराझरिया झरने में नहाने के दौरान डूबने से दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान किस्को थाना क्षेत्र के होंदगा निवासी लाल अजय नाथ शाहदेव के 27 वर्षीय पुत्र रितेश शाहदेव उर्फ पप्पू तथा चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के सोहर कला निवासी श्याम बिहारी सिंह के 30 वर्षीय पुत्र रूपेश कुमार सिंह उर्फ राजा के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रूपेश कुमार सिंह अपनी मां के साथ एक दिन पूर्व अपने बीमार नाना-नानी से मिलने ननिहाल आया था। इसी दौरान वह अपने ममेरे भाई रितेश शाहदेव के साथ बाइक से घूमने निकला। दोनों किस्को-जोबांग मार्ग से होते हुए देवदरिया के समीप स्थित अंवराझरिया झरने तक पहुंच गए। बताया गया कि दोनों झरने के काफी नीचे उतरकर नहाने लगे। वहां तक पहुंचने का रास्ता बेहद संकरा और दुर्गम पहाड़ी पगडंडी से होकर गुजरता है।

आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान फिसलन भरे पत्थर पर रितेश का पैर फिसल गया और वह नीचे पानी में गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी होगी। रितेश को बचाने के प्रयास में रूपेश भी पानी में कूद गया। परिजनों के अनुसार दोनों को तैरना नहीं आता था। इसी वजह से दोनों गहरे पानी में डूब गए।

शाम तक दोनों युवकों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ थे और नेटवर्क क्षेत्र से बाहर बता रहे थे। उनके आखिरी लोकेशन के आधार पर तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान किस्को-जोबांग सड़क किनारे झरने की ओर जाने वाले रास्ते में दोनों की बाइक खड़ी मिली। इसके बाद स्थानीय लोगों ने झरने के नीचे जाकर तलाश शुरू की।

तलाशी के दौरान रितेश का शव पानी में तैरता हुआ मिला। वहीं रूपेश का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटनास्थल पर दोनों के कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पलें किनारे पर रखी मिलीं। इससे लोगों ने आशंका जताई कि रूपेश भी पानी में डूब गया है। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने झरने की गहराई में उसकी तलाश शुरू की। करीब चार घंटे तक चले अथक खोज अभियान के बाद रूपेश का शव भी बरामद कर लिया गया।

मृतकों के बारे में बताया गया कि रूपेश कुमार सिंह इंजीनियर था, जबकि रितेश शाहदेव मार्शल आर्ट ट्रेनर के रूप में कार्य करता था। रितेश ने कई विद्यालयों और संस्थानों में मार्शल आर्ट प्रशिक्षण दिया था। खेलों के क्षेत्र में उसने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक भी हासिल किए थे। दो युवकों की असमय मौत से परिजनों और परिचितों में गहरा शोक है।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ अविनाश कुमार, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद, जोबांग थाना प्रभारी विष्णु रजक, किस्को थाना प्रभारी वारिश हुसैन, सब इंस्पेक्टर राजू उरांव, मुंशी शिवनाथ यादव सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बड़ी संख्या में विभिन्न समाज के लोग भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More