Koderma News: थाना परिसर में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, अधिकारियों ने दिए निर्देश

सतगावां: सत्य पर असत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दुर्गा पूजा पर्व शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार रवि एवं थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में हुई। जिसमें मुख्य रूप से एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पूजा के सफल आयोजन और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसडीपीओ प्रमोद कुमार केसरी ने बताया कि पूजा के दौरान शराबियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। रात भर क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पुलिस गश्ती गाड़ियाँ तैनात रहेंगी। लाइन होटलों और ढाबों में अवैध रूप से शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार रवि ने कहा कि पूजा के दौरान हुड़दंग करने वालों, अफवाह फैलाने वालों और जहाँ तहाँ वाहन खड़े कर सड़क जाम करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ त्यौहार मनाने की अपील की। समलडीह बरियारडीह दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष सुनील यादव ने जानकारी दी कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूजा पंडाल और आसपास के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इसके साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सैकड़ों की संख्या में वॉलंटियर्स तैनात रहेंगे। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूजा, मेला और जागरण का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
बैठक का सफल संचालन सेवानिवृत्त शिक्षक हाजी अजहर रब्बानी ने किया। इस अवसर पर नंदूडीह पूजा समिति की अध्यक्ष सुनैना देवी, विधायक प्रतिनिधि धनंजय यादव, मुखिया सदानंद यादव, पंसस रणधीर कुमार, भाजपा सतगावां मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बासोडीह मंडल अध्यक्ष नरेश यादव, महेंद्र यादव, सुबोध सिन्हा, अशोक यादव, रामावतार चौधरी, सुनील यादव, अरविंद सिंह, मनोज भगत, गुलाम रसूल, सूरज सिंह यादव, बबलू सिंह,सुजीत कुमार ,गणेश राय, शेखर सुमन, कंचन कुमारी, मो. इरशाद, नारायण राय, शंकर यादव, सुरेंद्र पांडेय, हरि पंडित, व्यास यादव, अजय चौधरी, नईम उदिन बिनोद यादव रामवतार चौधरी कंचन देवी और पिंटू सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


