कोरोना का खौफ : कोडरमा के गांवों में एक की मौत से फैला अफवाह, महानगरों से आने वालों को लोग नहीं दे रहे प्रवेश

उपेंद्र पासवान

डोमचाँच कोडरमा : कोडरमा जिले सुदूरवर्ती नक्सल प्रभावित नवलशाही थाना क्षेत्र के डगरनवा अरैया में सूरत से लौटे एक युवक की मौत के बाद शुक्रवार को यहाँ हड़कंप मच गया. कोरोना वायरस को लेकर उड़ी अफ़वाह के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गाँव पहुँची. हालांकि जांच के क्रम में मृतक का कोरोना वाइरस से ग्रस्त होना महज अफवाह साबित हुआ. वहीं गहनता से जांच के दौरान यह बात सामने निकल कर आयी कि मृतक की नहाने के दौरान डोभा में डूबने से मौत हुई है. जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अशोक कमार, उम्र 40 वर्ष, पिता गणेश कमार के रूप में हुई है. मृतक सूरत में कपडा फैक्ट्री में काम करता था. गुरुवार को 10 बजे वह अपना घर अरैया पंहुचा था और घर के समीप तालाब, डोभा में नहाने गया था. मृतक को तैरना नहीं आता था, जिससे वह तालाब में नहाने के दौरान डूबने लगा. तालाब में कुछ महिलाएं कपड़ा धो रही थीं तभी उन्होंने अशोक कमार को डूबता देख कर शोर मचाया. लेकिन, जितने देर में लोग वहाँ पहुँचते इससे पहले अशोक डूब चूका था और उसकी मृत्यु हो गयी थी. मृतक डोमचाँच थाना क्षेत्र के ढोढाकोला का रहने वाला था. वह 10 वर्ष पूर्व विवाह के बाद से ही अपने ससुराल पंचायत डगरनवा अरैया में मकान बनाकर रह रहा था. उसके दो पुत्री एवं एक पुत्र हैं. इससे पहले युवक को सांस लेने में परेशानी की बात सामने आयी थी. गाँव में सिविल सर्जन ने इस तरह की किसी भी बात से इनकार किया है.
शुक्रवार सुबह यह अफवाह उड़ी की मुंबई से लौटे चार लोगों में से एक को सांस लेने में दिक्क़त हो रही थी. बाद में उसकी मौत हो गयी.
ऐसी सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. सिविल सर्जन डॉ पार्वती कुमारी नाग, जिला रिस्पांस टीम डॉ मनोज कुमार व पूरी टीम अरैया गाँव पहुँची. टीम ने विस्तृत जानकारी ली तो पता चला कि युवक गुरुवार को सूरत से लौटा था. तालाब में नहाने के क्रम में वह डूब गया. कोरोना को लेकर भय के मौहोल के बीच मुंबई व दिल्ली सहित अन्य शहरों से आने वाले लोगों को लोग गाँव में प्रवेश करने नहीं दे रहे हैं. इसी बीच संदिग्ध अवस्था में एक की मौत ने कोरोना वाइरस के खौफ को हवा दे दी.

सिविल सर्जन नाग ने बताया कि कोरोना जैसी कोई बात नहीं है. एहतिहात के तौर पर मृतक के शव का अन्त्यपरीक्षण कराया जाएगा, जिसके बाद नवलशाही पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेकर अन्त्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेजा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा. मौक़े पर नवलशाही थाना प्रभारी अब्दुल्लाह खान, एसआइ आशीष हांसदा व स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित पुलिस बल के जवान मौजूद थे.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More